बैठक में तनाव : नई दिल्ली में चल रही BRICS देशों की बैठक में गुरुवार को ईरान और UAE के प्रतिनिधियों के बीच वेस्ट एशिया संकट को लेकर तीखी बहस हो गई। माहौल इतना गरमा गया कि रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव को बीच-बचाव करना पड़ा।
क्या हुआ बहस : ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका और इजरायल पर निशाना साधते हुए कहा कि ईरान ‘अवैध युद्ध’ का शिकार हो रहा है। उन्होंने BRICS देशों से अंतरराष्ट्रीय कानूनों के उल्लंघन की खुलकर निंदा करने की अपील की।
UAE का पलटवार : UAE के विदेश राज्य मंत्री खलीफा शाहीन अल मरार ने ईरान पर पड़ोसी देशों पर हमले करने का आरोप लगाया। ईरान की ओर से UAE पर यह आरोप लगाया गया कि उसकी जमीन का इस्तेमाल अमेरिका द्वारा ईरान के खिलाफ कार्रवाई के लिए किया जा रहा है।
BRICS पर असर : BRICS में फैसले सर्वसम्मति से होते हैं, इसलिए दोनों देशों की लड़ाई पूरे संगठन के लिए सिरदर्द बन गई। वेस्ट एशिया संकट पर अभी तक कोई साझा बयान जारी नहीं हो सका है।
भारत की भूमिका : भारत की मेजबानी में हो रही यह बैठक इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इस तनाव का असर वैश्विक तेल और गैस सप्लाई पर पड़ रहा है।