तालिबान के अनुसार, पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कंधार हवाई अड्डे के पास स्थित निजी एयरलाइन काम एयर के ईंधन डिपो पर बमबारी की। तालिबान प्रवक्ता ज़बिहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि यह डिपो नागरिक एयरलाइनों और संयुक्त राष्ट्र के विमानों को ईंधन उपलब्ध कराता है।
मुजाहिद ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान ने काबुल सहित अन्य क्षेत्रों में भी हवाई हमले किए, जिनमें महिलाओं और बच्चों समेत कई नागरिकों की मौत हुई। तालिबान ने इस हमले का जवाब देने की चेतावनी दी है।
वहीं पाकिस्तानी सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि सेना ने काबुल, कंधार और पक्तिया में आतंकवादियों के चार ठिकानों को निशाना बनाया।
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में कोहाट में एक पाकिस्तानी सैन्य अड्डे पर ड्रोन हमला किया गया, जिससे भारी नुकसान हुआ।
दोनों देशों के बीच यह तनाव ऐसे समय बढ़ा है जब चीन मध्यस्थता कर संघर्ष कम कराने की कोशिश कर रहा है, लेकिन सीमा पर झड़पें अभी भी जारी हैं।