दिल्ली विधानसभा ने 18 वर्षों के अंतराल के बाद ‘सर्वश्रेष्ठ विधायक’ पुरस्कार को पुनः प्रारंभ किया है। इस बार यह सम्मान कृष्णानगर के विधायक डॉ. अनिल गोयल को प्रदान किया गया है।
गुरुवार को आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में उनके नाम पर अंतिम निर्णय लिया गया। बताया गया कि चयन प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी और वैज्ञानिक तरीके से संपन्न की गई। इसके लिए सौ अंकों का विस्तृत मूल्यांकन ढांचा निर्धारित किया गया था।
इस मूल्यांकन में बहस की गुणवत्ता, विषय की समझ, भाषा की दक्षता और वक्तृत्व कौशल को विशेष महत्व दिया गया। साथ ही सदन में उपस्थिति, पूछे गए प्रश्न तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को भी ध्यान में रखा गया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि इस पुरस्कार का उद्देश्य ऐसे जनप्रतिनिधियों को सम्मानित करना है, जो अपने कार्य में ईमानदारी और उत्कृष्टता का परिचय देते हैं।