केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी पहुंचे। बागडोगरा एयरपोर्ट पर पहुंचते ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद शाह सीधे एसएसबी कैंप पहुंचे, जहां उन्होंने सीमा सुरक्षा बल के जवानों से मुलाकात की और उनके साथ काफी देर तक बातचीत की।
जवानों से मुलाकात के दौरान अमित शाह ने सीमा पर आ रही चुनौतियों, ऑपरेशनल तैयारियों और बॉर्डर मैनेजमेंट के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जवान देश के हैं और हर किसी को उनके साथ अच्छे संबंध रखने चाहिए। इसी मौके पर उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा। शाह ने कहा कि हम ममता बनर्जी को एसएसबी के कार्यक्रमों में बार-बार बुलाते थे, लेकिन वह कभी नहीं आईं।
सीमा सुरक्षा को लेकर अमित शाह ने शुभेंदु सरकार की तारीफ भी की। उन्होंने बताया कि घुसपैठ रोकने के लिए बंगाल सरकार ने बीएसएफ को 1129 एकड़ जमीन दी है और जल्द ही 29 एकड़ और दी जाएगी। शाह ने कहा कि हम पूरी सीमा पर बाड़ लगाना चाहते थे, लेकिन ममता जी के समय में जमीन नहीं मिली। अब नई सरकार के सहयोग से यह काम आगे बढ़ रहा है।
दौरे के दौरान अमित शाह सिलीगुड़ी के कावाखाली मैदान में आपराधिक प्रक्रिया संहिता से जुड़ी एक प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। इसके बाद वह पार्टी बैठक करेंगे और रात सुकना के एक होटल में ठहरेंगे। शनिवार को पहाड़ी जिलों के मुद्दों पर बैठक करने के बाद वह दिल्ली लौट जाएंगे।