प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर के बीच बाइक यात्राएं निकाली जा रही हैं। इन दोनों यात्राओं में करीब 1500 युवा शामिल हैं। बीजेपी के मुताबिक, यात्राएं 10 राज्यों के 193 जिलों, 773 तहसीलों और करीब 1,159 गांवों से होकर गुजरेंगी।
17 सितंबर को गुजरात के वडनगर से वाराणसी के लिए निकली बाइक यात्रा को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरी झंडी दिखाई थी। इसी दिन उत्तर प्रदेश के वाराणसी से वडनगर के लिए दूसरी यात्रा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रवाना किया। वडनगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मस्थान है, जबकि वाराणसी उनका लोकसभा क्षेत्र है। इसी वजह से दोनों शहरों को जोड़ते हुए इस यात्रा का आयोजन किया गया है।
193 जिलों और 1159 गांवों से होकर गुजरेगी यात्रा
बीजेपी नेता अनिल बलूनी के मुताबिक, दोनों दिशाओं में शुरू की गई ये बाइक यात्राएं 20 अलग-अलग मार्गों पर 10 समूहों में आगे बढ़ रही हैं। पार्टी के अनुसार, यात्रा के दौरान युवाओं की ओर से विभिन्न सेवा गतिविधियों में भाग लिया जा रहा है। इनमें स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और प्लास्टिक मुक्त भारत जैसे अभियानों को शामिल किया गया है। यात्रा के दौरान सफाईकर्मियों के सम्मान और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद जैसी गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं।
यात्रा की कुल दूरी करीब 40 हजार किलोमीटर बताई गई है। इसके दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में युवाओं, महिलाओं और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करने की योजना है। आयोजकों के मुताबिक, यात्रा का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक और जनसेवा की गतिविधियों से जोड़ना तथा सेवा और सामाजिक भागीदारी का संदेश देना है।
इस अभियान से जुड़े कार्यक्रमों में गुजरात से जल भी वाराणसी ले जाने की योजना रखी गई है। गुजरात की उप-यात्राओं के दौरान नदियों, झीलों और खेतों के कुओं से एकत्र किया गया पानी ‘जल कलश’ में रखा जाएगा। इसमें वडनगर की शर्मिष्ठा झील का पानी भी शामिल किया जाएगा और हाटकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के बाद इसे वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर ले जाने की योजना बताई गई है।
बीजेपी ने इस पूरे अभियान को प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने से भी जोड़ा है। पार्टी के अनुसार, अभियान के तहत देश के अलग-अलग हिस्सों में सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं और बाइक यात्राओं के जरिए युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। वडनगर से शुरू हुई यात्रा के वाराणसी पहुंचने और वाराणसी से निकली यात्रा के वडनगर लौटने तक यह अभियान कई राज्यों और जिलों से होकर गुजरेगा।