दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए 19 सितंबर की सुबह अहम अपडेट सामने आया। रेड लाइन पर शाहदरा और वेलकम मेट्रो स्टेशन के बीच तकनीकी खराबी के कारण कुछ समय के लिए ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन की ओर से यात्रियों को इस तकनीकी समस्या की जानकारी दी गई थी। हालांकि, बाद में डीएमआरसी ने बताया कि प्रभावित हिस्से में मेट्रो सेवाएं सामान्य हो गई हैं।
शाहदरा और वेलकम के बीच आई तकनीकी समस्या
रेड लाइन के शाहदरा और वेलकम स्टेशनों के बीच तकनीकी दिक्कत सामने आने के बाद इस हिस्से में मेट्रो परिचालन प्रभावित हुआ। इससे इस रूट पर यात्रा कर रहे यात्रियों को कुछ समय के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। डीएमआरसी ने यात्रियों को सेवा संबंधी ताजा जानकारी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी। बाद में तकनीकी समस्या को ठीक कर लिया गया और इस रूट पर मेट्रो सेवाएं फिर सामान्य हो गईं।
दिल्ली में इन दिनों डीटीसी बस चालकों की हड़ताल के कारण सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव है। बस सेवाएं प्रभावित होने के चलते बड़ी संख्या में यात्री मेट्रो का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी बीच 17 सितंबर को दिल्ली मेट्रो में अब तक की सबसे ज्यादा यात्री बोर्डिंग दर्ज की गई। डीएमआरसी के अनुसार, उस दिन कुल 82,44,903 यात्री बोर्डिंग दर्ज हुई, जो इससे एक दिन पहले दर्ज 80,71,630 बोर्डिंग से 1,73,273 अधिक थी।
मेट्रो में बढ़ी यात्रियों की संख्या
17 सितंबर को अलग-अलग मेट्रो कॉरिडोर में येलो लाइन पर सबसे ज्यादा 20,89,465 यात्री बोर्डिंग दर्ज हुई। इसके बाद ब्लू लाइन पर 17,28,658, पिंक लाइन पर 9,41,527 और रेड लाइन पर 8,80,059 यात्री बोर्डिंग दर्ज की गई। डीएमआरसी के कुल आंकड़े में एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन और रैपिड मेट्रो गुरुग्राम की सेवाओं की सवारियां भी शामिल हैं।
डीटीसी बस हड़ताल के कारण यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए डीएमआरसी ने अपने पूरे नेटवर्क में अतिरिक्त ट्रेन यात्राएं भी बढ़ाई हैं। 17 सितंबर को 20 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप चलाने की व्यवस्था की गई थी। इससे पहले 16 सितंबर को भी सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक आठ अतिरिक्त ट्रेनें चलाई गई थीं। डीएमआरसी ने यात्रियों की बढ़ी आवाजाही को देखते हुए परिचालन व्यवस्था को उसी अनुसार बनाए रखने की जानकारी दी थी।