दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कस्टम्स अधिकारियों ने एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो करीब 1.8 करोड़ रुपये कीमत का 1.346 किलो सोना केमिकल पेस्ट के रूप में अंडरगारमेंट में छिपाकर ले जा रहा था। आरोपी जेद्दा से दिल्ली पहुंचा था और यहां से उसे ढाका जाना था।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक यह कार्रवाई 12 सितंबर को टर्मिनल-3 के इंटरनेशनल ट्रांजिट एरिया में की गई। CISF के जवानों ने यात्री की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर उसे रोककर उसकी बारीकी से जांच की। तलाशी के दौरान उसके अंडरगारमेंट में छिपाकर रखे गए तीन अंडाकार कैप्सूल बरामद हुए। इन कैप्सूल में सोने का केमिकल पेस्ट भरा हुआ था।
बरामद सोने की कीमत है 1.8 करोड़ रुपये
बयान के अनुसार पैकेजिंग समेत तीनों कैप्सूल का कुल वजन करीब 1,596 ग्राम था। यात्री को विमान से उतारकर एयरपोर्ट पर कस्टम्स प्रिवेंटिव (शिफ्ट) के अधिकारियों के पास ले जाया गया। इसके बाद कैप्सूल से सोने का पेस्ट निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई। इस प्रक्रिया के बाद कुल 1,346 ग्राम सोना बरामद हुआ, जिससे सोने की दो छड़ें तैयार की गईं। बरामद सोने की कीमत करीब 1.8 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पूछताछ के दौरान यात्री ने कथित तौर पर बताया कि उसे यह सोना एयरपोर्ट के ट्रांजिट एरिया में ही किसी व्यक्ति को सौंपना था। इसके बाद कस्टम्स ने सोना जब्त कर लिया और आरोपी को कस्टम्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच की जा रही है।