दिल्ली के साउथ जिले के आया नगर इलाके में सोमवार सुबह एक जिम ट्रेनर की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात को दो आरोपियों ने अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने जिम ट्रेनर पर करीब 10 से 12 राउंड फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना सुबह करीब साढ़े 10 बजे हुई।
अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका
शुरुआती जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि मृतक का किसी व्यक्ति से विवाद तो नहीं चल रहा था। इसके अलावा पुलिस दोनों आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या की वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही वारदात की पूरी वजह और आरोपियों की भूमिका सामने आ सकेगी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। हत्याकांड को दो आरोपियों ने मिलकर अंजाम दिया। सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।