राजस्थान के निकाय चुनाव में सबसे ज्यादा निगाहें जयपुर नगर निगम चुनाव पर टिकी हैं। जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में 11 सितंबर 2026 को हुए मतदान के बाद सोमवार को मतगणना चल रही है। 2023 के राजस्थान विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में एक भी मुस्लिम उम्मीदवार न उतारने के बाद स्थानीय निकाय चुनाव में बीजेपी द्वारा 8 मुस्लिम चेहरे उतारने की रणनीति पर सियासी गलियारों की नजरें टिकी हुई हैं।
जयपुर नगर निगम चुनाव में बीजेपी ने 8 मुस्लिम उम्मीदवारों को मैदान में उतारकर बड़ा राजनीतिक दांव खेला है। ये उम्मीदवार मुख्य रूप से मुस्लिम बहुल और कांग्रेस के पारंपरिक प्रभाव वाले इलाकों के वार्डों में उतारे गए हैं।
बीजेपी के मुस्लिम प्रत्याशियों की सूची इस प्रकार है:
- शाहनवाज अंसारी – वार्ड 19
- जाकिर खान कायमखानी – वार्ड 109
- शबाब जहां (शब्बो) – वार्ड 117
- माजिद खान (पठान) – वार्ड 128
- मिजाना मिर्जा – वार्ड 136
- रहीस मंसूरी – वार्ड 137
- अफसाना – वार्ड 146
- फरीदुद्दीन ‘जैकी’ – वार्ड 113
शाहनवाज अंसारी पर बीजेपी ने दोबारा दांव लगाया है। शाहनवाज 2020 के निकाय चुनाव में महज कुछ सौ वोटों से पीछे रह गए थे, इसलिए इस सीट पर बीजेपी की स्थिति सबसे ज्यादा चर्चा में है।
मतगणना के शुरुआती रुझानों के अनुसार जयपुर नगर निगम में बीजेपी 19 से ज्यादा सीटों पर जीत के साथ आगे चल रही है। कांग्रेस ने 11 और निर्दलीय ने एक सीट पर जीत दर्ज की है। बीजेपी प्रत्याशी सुनील कोठारी 112 वार्ड से चुनाव जीत गए हैं।
जयपुर नगर निगम चुनाव में अधिकांश मुस्लिम बहुल सीटों पर कांग्रेस ने अपने मजबूत आधार और स्थानीय नेटवर्क के दम पर बढ़त बनाए रखी है। हालांकि बीजेपी प्रत्याशियों ने कई वार्डों में कांग्रेस के वोट बैंक में सेंध लगाकर मुकाबले को त्रिकोणीय और कड़ा बना दिया है। बीजेपी ने स्थानीय निकाय स्तर पर इन उम्मीदवारों को उतारकर एक बड़ा दांव चला है।