मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सोशल मीडिया पर रील बनाने और फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ का एक बेहद अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी कार को ही ‘किसिंग कार’ बना दिया। कार की पूरी बॉडी पर लाल रंग की लिपस्टिक से करीब 3400 किस यानी चुंबन के निशान बने हुए थे। सड़क पर ऐसी कार दौड़ती देख हर कोई हैरान रह गया।
कार मालिक आदित्य सिकरवार के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर ट्रेंड सेट करने और फॉलोअर्स बढ़ाने के मकसद से यह प्रयोग किया गया था। उसकी गर्लफ्रेंड ने विदेशी ट्रेंड से प्रभावित होकर कार की पूरी बॉडी पर लिपस्टिक से निशान बनाए थे। इस पूरी प्रक्रिया में करीब साढ़े तीन से चार घंटे का समय लगा।
इसके बाद आदित्य कार लेकर सिटी सेंटर से थाटीपुर इलाके की ओर निकल पड़ा। सड़क पर लोगों का ध्यान भटकने और यातायात नियमों के उल्लंघन की स्थिति पैदा हो गई। सोशल मीडिया पर कार का वीडियो तेजी से वायरल हुआ और महज एक दिन में इसे 55 लाख से ज्यादा व्यूज मिल गए।
वीडियो वायरल होते ही ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस हरकत में आ गई। ट्रैफिक पुलिस ने कार को जब्त कर लिया। ट्रैफिक सूबेदार अभिषेक रघुवंशी ने बताया कि दो दिन पूर्व सोशल मीडिया पर एक स्विफ्ट कार का वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिस पर लिपस्टिक जैसे आपत्तिजनक मार्क्स बने हुए थे। वाहन चालक को थाने लाकर मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों के तहत 5500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
कार्रवाई के बाद युवक को अपनी गलती का अहसास हुआ। उसने स्वीकार किया कि रील बनाने के चक्कर में यातायात नियमों के उल्लंघन का अंदाजा नहीं था। इसके बाद युवक ने पुलिस थाने परिसर में ही खुद अपने हाथों से कार पर बने लिपस्टिक के सभी निशानों को पानी से धोकर साफ किया।