महिला आरक्षण को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। एक ओर भाजपा कांग्रेस को महिला विरोधी बताने में जुटी है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने भी पलटवार करते हुए आंदोलन का रास्ता अपनाया है।
उत्तराखंड में कांग्रेस नेताओं ने विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को तुरंत लागू करने की मांग उठाई गई। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित कई वरिष्ठ नेता सड़क पर उतरे और सरकार को घेरने का प्रयास किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में सरकार पर आरोप लगाए गए कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर जनता को गुमराह किया जा रहा है। कांग्रेस ने दावा किया कि वह महिलाओं के अधिकारों के पक्ष में मजबूती से खड़ी है।
दरअसल, महिला आरक्षण कानून को लागू करने को लेकर विवाद बना हुआ है। विपक्ष का कहना है कि इसे परिसीमन से जोड़ना आवश्यक नहीं है और मौजूदा व्यवस्था में ही इसे लागू किया जा सकता है।
वहीं भाजपा इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर लगातार हमलावर है। ऐसे में कांग्रेस ने भी रणनीति बदलते हुए सड़क से लेकर राजनीतिक मंच तक भाजपा को जवाब देने की तैयारी कर ली है।