पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी राज्यों में ठंड ने दस्तक दे दी है। राजस्थान के 3 शहरों में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया। फतेहपुर में तापमान सबसे कम 7.5 डिग्री दर्ज हुआ। नागौर में 9.4 और बीकानेर के पास लूणकरणसर में 8.9 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
मध्य प्रदेश के औसत तापमान में गुरुवार रात 6.1 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। राज्य के राजगढ़ में सबसे कम 11 डिग्री तापमान रहा। इंदौर में 12.1° और भोपाल में 13° तापमान दर्ज किया गया।
दिल्ली में गुरुवार को इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। दिल्ली का न्यूनतम तापमान 12.7° तक गिर गया। इस सर्दी सीजन में पहली बार है जब तापमान 15 डिग्री से नीचे चला गया। इससे पहले, इस साल का न्यूनतम तापमान 26 अक्टूबर को 15.8 डिग्री दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में MP, छत्तीसगढ़, राजस्थान, दिल्ली सहित मध्य और उत्तर भारत के राज्यों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिर सकता है। तापमान में गिरावट के साथ ठंडी हवाएं भी चलेंगी। इससे कड़ाके की ठंड का एहसास होगा।
देश में मौसम की तस्वीरें…

कश्मीर के बारामूला जिले का गुलमर्ग गुरुवार को बर्फबारी के बाद बर्फ से ढंक गया।

श्रीनगर का निशात बाग ठंड के मौसम में चिनार के पेड़ों की गिरी हुई पत्तियों से ढंका हुआ है।

श्रीनगर के निशात बाग में गुरुवार को महिलाओं ने चिनार के सूखे पत्तों के साथ फोटो खिंचवाई।

दिल्ली में शुक्रवार सुबह कई इलाकों में एयर क्वालिटी खराब होने के कारण धुंध छाई रही।

मुंबई के बांद्रा में शुक्रवार सुबह धुंध छाई रही। इलाके का AQI 214 है, जिसे खराब माना जाता है।
हिमाचल प्रदेश के ताबो में माइनस 5.5 डिग्री तापमान
हिमाचल प्रदेश में बीते 48 घंटे के दौरान कई जगहों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हुई। ऊंचाई वाले कई जगहों का पारा तो शून्य से नीचे चला गया है। लाहौल-स्पीति जिले के ताबो में बुधवार रात न्यूनतम तापमान माइनस 5.5 डिग्री दर्ज किया गया। कश्मीर के गुलमर्ग में बर्फबारी से हर तरफ बर्फ की चादर बिछ गई है।
दिल्ली में 311 AQI के साथ एयर क्वालिटी बहुत खराब
दिल्ली में बढ़ती ठंड के साथ प्रदूषित हवा में सांस लेना और मुश्किल होता जा रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शहर में शुक्रवार सुबह ओवरऑल एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 311 दर्ज किया गया। दिल्ली में हवा की क्वालिटी मापने वाले 38 मॉनिटरिंग सेंटरों में से 26 ने हवा को बहुत खराब बताया।
दिल्ली का बवाना सबसे प्रदूषित रहा, जहां AQI 366 रहा, जबकि जहांगीरपुरी 348 के साथ दूसरे नंबर पर रहा। बता दें कि 0 से 50 के बीच AQI को अच्छा, 51-100 को संतोषजनक, 101-200 को मध्यम, 201-300 को खराब, 301-400 को बहुत खराब और 401-500 को गंभीर माना जाता है।
राज्यों में मौसम की खबरें…
मध्य प्रदेश: इंदौर में 10 साल में पांचवीं सबसे ठंडी रात; भोपाल-उज्जैन में दिन का तापमान भी लुढ़का

भोपाल में गुरुवार को दिन का तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश में गुरुवार रात को न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। सभी शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे ही रहा। इंदौर में 12.1 डिग्री पारा रहा। गुरुवार को नवंबर महीने में 10 साल में पांचवीं सबसे ठंडी रात रही।
राजस्थान: कई शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंचा; फतेहपुर सबसे ठंडा, तापमान 5.8 डिग्री

सीकर में गुरुवार सुबह हल्की धुंध छाई रही। हालांकि, बाद में धूप खिलने के बाद मौसम साफ रहा।
राजस्थान के कई शहरों में गुरुवार को तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया। सीकर के पास फतेहपुर में न्यूनतम तापमान सबसे कम, 7.5 डिग्री दर्ज हुआ। 24 घंटे के दौरान फतेहपुर के तापमान 5.8 डिग्री की गिरावट हुई। नागौर में 9.4 और बीकानेर के पास लूणकरणसर में 8.9 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में सर्द हवाएं चलने से तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और गिरावट हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश: 3 शहरों में तापमान माइनस, 6 शहरों में 5 डिग्री से नीचे, मंडी-बिलासपुर में कोहरे का अलर्ट

शिमला के रिज पर गुरुवार को सुहावने मौसम के बीच बड़ी तादाद में पर्यटक घूमने पहुंचे।
हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान ठंड में इजाफा हुआ है। राज्य के 3 शहरों में पारा माइनस में चला गया है। 6 शहरों का पारा 5 डिग्री से कम और 19 शहरों का 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया।लाहौल-स्पीति के ताबो में गुरुवार को पारा माइनस -5.5 डिग्री पहुंच गया। बीते 24 घंटे के दौरान ज्यादातर शहरों में अधिकतम तापमान भी सामान्य से कम हुआ है।