भारतीय शेयर बाजार में सप्ताह के पहले कारोबारी दिन (सोमवार) बाजार की चाल ने निवेशकों को हैरान कर दिया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स पिछले बंद 72,472 के मुकाबले मजबूत बढ़त के साथ 72,771 पर खुला और देखते ही देखते शुरुआती कारोबार में 412 अंकों से अधिक की छलांग लगाकर 73,884 के स्तर तक पहुंच गया था। इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी हरे निशान में 22,593 के स्तर पर ओपन हुआ था।
हालांकि, यह तूफानी तेजी महज कुछ ही मिनटों तक टिक पाई और बाजार में अचानक जोरदार मुनाफावसूली देखने को मिली। कुछ ही देर के कारोबार में सेंसेक्स अपनी शुरुआती बढ़त को गंवाते हुए लाल निशान (रेड जोन) में फिसल गया और 72,379 के स्तर के आसपास कारोबार करने लगा। निफ्टी का हाल भी कुछ ऐसा ही रहा और यह भी शुरुआती उछाल के बाद फिसलकर नीचे आ गया।
शुरुआती कारोबार में इन शेयरों में दिखा दम
बाजार की तेज शुरुआत के दौरान जिन चुनिंदा शेयरों ने शानदार रफ्तार पकड़ी, उनमें लार्जकैप और चुनिंदा मिडकैप कंपनियां शामिल रहीं। बीएसई के मिडकैप सेगमेंट में सुजलॉन शेयर (Suzlon Share), टीआई इंडिया शेयर (TI India Share), केईआई शेयर (KEI Share) और एमसीएक्स शेयर (MCX Share) में 2 से 3 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई, जिससे निवेशकों में शुरुआती उत्साह देखने को मिला।
इन बड़े शेयरों में आई गिरावट
बाजार में अचानक आए इस यू-टर्न और बिकवाली के दबाव के कारण टेक महिंद्रा (Tech Mahindra Share) समेत कई प्रमुख लार्जकैप और दिग्गज कंपनियों के शेयरों में बिकवाली हावी हो गई, जिसके चलते सूचकांक ऊपर के स्तर से तेजी से नीचे लुढ़क गए। जानकारों का मानना है कि ऊपरी स्तरों पर निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली (Profit Booking) किए जाने के कारण बाजार में यह अचानक उतार-चढ़ाव देखने को मिला है।