पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने श्री आनंदपुर साहिब के जिंदवड़ी गांव में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम में अपनी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने एक बार फिर साफ किया कि आम आदमी पार्टी सरकार की प्राथमिकता पंजाब और इसके लोग हैं, जबकि कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल कुर्सी की लड़ाई में उलझे हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आप सरकार से पहले केवल 22 फीसदी के मुकाबले अब पंजाब के 80 फीसदी खेतों तक नहरी पानी पहुंच चुका है और इसे 100 फीसदी तक ले जाने का लक्ष्य है। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि पंजाब को अपने पानी, चंडीगढ़ और पंजाब विश्वविद्यालय की रक्षा के लिए भाजपा और अकाली दल से दूर रहने की जरूरत है। सरकार के 14,000 किलोमीटर नहरी पानी की पाइपलाइन नेटवर्क, मुफ्त बिजली, मैरिट आधारित नौकरियों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि सरकार एक खुशहाल और रंगला पंजाब बनाने के लिए काम कर रही है।
एक्स पर साझा किए अंश
इस लोक मिलनी के कुछ अंश साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक्स पर लिखा, “श्री आनंदपुर साहिब के गांव जिंदवड़ी में लोगों के साथ दिल की बातें साझा कीं। पारंपरिक पार्टियों ने हमेशा कुर्सी और परिवारवाद की राजनीति की है, लेकिन हमारी सरकार आम लोगों के लिए काम कर रही है। हमने युवाओं को मैरिट पर नौकरियां, बेहतरीन शिक्षा, खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने के लिए 14,000 किलोमीटर पाइपलाइन और मुफ्त बिजली दी है। गांवों के विकास को तेज करने के लिए हमने छह पंचायतों को 20-20 लाख रुपये के चेक भी सौंपे। हमारा एकमात्र उद्देश्य खुशहाल और प्रगतिशील ‘रंगला पंजाब’ बनाना है। इंकलाब जिंदाबाद।”
विपक्षी पार्टियों पर बरसे मान
लोक मिलनी के दौरान सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी सरकार के पिछले साढ़े चार साल से अधिक के कार्यकाल के दौरान हमने राज्य के लोगों की भलाई और पंजाब की तरक्की के लिए पूरी लगन से काम किया है। दूसरी ओर विपक्षी पार्टियों ने हमेशा राज्य को बेरहमी से लूटा है और लोगों के संसाधनों की लूट कर उनका शोषण किया है। ये लोग किसी रहम के हकदार नहीं हैं और उन्हें उनके पापों का सबक सिखाया जाना चाहिए।”
उन्होंने अकाली नेता सुखबीर बादल पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ दिन पहले तक वह भाजपा के खिलाफ झंडा उठाए घूम रहे थे, लेकिन अब राज्य में सत्ता हासिल करने के लिए भाजपा के साथ गठबंधन करने के लिए पबों के बल आ गए हैं। उनका एकमात्र उद्देश्य बिना किसी वैचारिक समानता के सत्ता हासिल करके राज्य को तबाह करना है।
बीजेपी पर हमला बोलते हुए मान ने कहा कि काले कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान शहीद हुए पंजाब के 700 से अधिक किसानों की हत्या से भाजपा के हाथ रंगे हुए हैं। उन्होंने कई मुद्दों का जिक्र करते हुए भाजपा पर पंजाब विरोधी मानसिकता का आरोप लगाया।
अकाली दल को आड़े हाथों लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने लंबे कुशासन के दौरान अकालियों ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी का पाप किया, दोषियों को संरक्षण दिया और नशे के कारोबार को फलने-फूलने दिया।
सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य के 90 फीसदी से अधिक परिवारों को मुफ्त बिजली मिल रही है। किसानों को दिन के समय बिजली मिल रही है। 70,000 से अधिक युवाओं को बिना भ्रष्टाचार के नौकरियां दी गई हैं। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए 3,100 खेल स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। 45,000 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत और अपग्रेडेशन हो रही है।
‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के तहत प्रत्येक निवासी परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध है। ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ के तहत 18 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को मासिक वित्तीय सहायता दी जा रही है। पंजाब की 97 फीसदी महिलाओं को इसका लाभ मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे राज्य का बेमिसाल विकास सुनिश्चित करने के लिए अपना खून-पसीना बहा रहे हैं और करदाताओं का एक-एक रुपया जनकल्याण के लिए खर्च किया जा रहा है।