उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के स्वयंसेवक जवानों के दैनिक ड्यूटी भत्ते में बढ़ोतरी की है। अब पीआरडी जवानों को ₹500 की जगह ₹600 प्रतिदिन का दैनिक भत्ता मिलेगा। इसके साथ ही जवानों और उनके पात्र आश्रित परिवार के सदस्यों के लिए सालाना ₹5 लाख तक के कैशलेस इलाज की सुविधा भी लागू की गई है। शासनादेश जारी होने के साथ यह व्यवस्था प्रभावी हो गई है।
₹100 बढ़ा दैनिक भत्ता
उत्तर प्रदेश में पीआरडी जवानों के दैनिक भत्ते में इस बार ₹100 प्रतिदिन की बढ़ोतरी की गई है। इससे 30 दिन ड्यूटी करने वाले जवान को पहले की तुलना में करीब ₹3,000 अधिक मिलेंगे। इससे पहले अप्रैल 2025 में दैनिक भत्ता ₹395 से बढ़ाकर ₹500 किया गया था। अब इसे बढ़ाकर ₹600 कर दिया गया है।
31,130 पीआरडी जवानों को मिलेगा लाभ
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में फिलहाल करीब 31,130 पीआरडी स्वयंसेवक पंजीकृत हैं। दैनिक भत्ते में बढ़ोतरी से इन जवानों को आर्थिक लाभ मिलेगा। सरकार के अनुसार भत्ते में बढ़ोतरी से राज्य सरकार पर सालाना करीब ₹101.44 करोड़ का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 के बचे हुए महीनों के लिए अतिरिक्त बजट की भी व्यवस्था की गई है।
जवानों और आश्रितों को ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज
दैनिक भत्ते के साथ पीआरडी जवानों के लिए स्वास्थ्य सुविधा में भी बदलाव किया गया है। अब मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत जवानों और उनके पात्र आश्रितों को सालाना ₹5 लाख तक के कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा सरकारी और निजी अस्पतालों में उपलब्ध होगी।
तीन महीने ड्यूटी की शर्त
कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ लेने के लिए पीआरडी स्वयंसेवक को संबंधित वित्तीय वर्ष में कम से कम तीन महीने ड्यूटी पूरी करनी होगी। यह स्वास्थ्य सुविधा पीआरडी स्वयंसेवक के सेवाकाल के दौरान ही लागू रहेगी।
आयुष्मान योजना से अलग होगी नई सुविधा
सरकार के मुताबिक इस स्वास्थ्य योजना के लिए प्रति स्वयंसेवक करीब ₹3,000 वार्षिक प्रीमियम का अनुमान है। जिन पीआरडी जवानों या उनके आश्रितों को पहले से आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना या मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के तहत स्वास्थ्य कवर मिल रहा है, वे नई पीआरडी योजना के लिए पात्र नहीं होंगे।