गुरुग्राम में गोल्फ कोर्स रोड पर हुए हिट-एंड-रन मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अब इस मामले के मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला को गिरफ्तार कर लिया है। बैंसला के खिलाफ हत्या के प्रयास (IPC की धारा 307) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार किया गया है। गुरुग्राम पुलिस की एक टीम राजस्थान पहुंची थी और अब उसे दौसा से गुरुग्राम लेकर जा रही है। पीड़िता के परिवार की शिकायत और सोशल मीडिया पर वायरल हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने ये कार्रवाई की है।
सोमवार देर रात पीड़िता सिया उर्फ शिवानी चौहान के पिता रोशन चौहान, भाई और कई परिजन इंसाफ की गुहार लेकर सेक्टर-56 पुलिस थाने पहुंचे थे। परिजनों ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
डीसीपी ईस्ट संदीप मलिक ने बताया कि घटना का जो वीडियो सामने आया है, उससे साफ पता चलता है कि कार सवार युवक ने जानबूझकर महिला बाइकर को टक्कर मारी थी। ये सीधे तौर पर जान से मारने की कोशिश का मामला बनता है, इसलिए पुलिस ने FIR में धारा 307 शामिल करने का फैसला किया है।
‘बेटी दूर तक घिसटती चली गई’
पीड़िता के पिता रोशन चौहान ने बताया कि थाने पहुंचने पर पुलिस ने उन्हें पहले से दर्ज सुओ मोटू FIR की कॉपी दी। उन्होंने कहा, “जिस तरह से वीडियो में दिख रहा है, वो सिर्फ एक आम एक्सीडेंट नहीं है। मेरी बेटी कार के साथ काफी दूर तक घिसटती हुई चली गई। ये तो ईश्वर की कृपा थी कि उसे कोई गंभीर शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचा। मेरी बेटी घबराई हुई थी, इसलिए उसने शुरुआत में घर पर कुछ नहीं बताया। हम न्याय के लिए जहां तक जाना पड़ेगा, जाएंगे।”
पीड़िता सिया के वकील ने भी पुलिस से मामले में सख्त से सख्त धाराएं जोड़ने की अपील की है। पुलिस अब बहुत जल्द पीड़िता का बयान भी दर्ज करेगी।