मद्रास हाईकोर्ट ने सोमवार को तमिलनाडु विधानसभा की पांच सीटों पर उपचुनाव की अधिसूचना जारी करने पर अंतरिम रोक को 8 सितंबर तक बढ़ा दिया है। इनमें तिरुची ईस्ट सीट भी शामिल है, जिसे मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने जीता था।
चुनाव आयोग ने अदालत को बताया कि जब तक लंबित चुनाव याचिकाओं का निपटारा नहीं हो जाता, तब तक वह इन पांच सीटों पर उपचुनाव की अधिसूचना जारी करने का कोई इरादा नहीं रखता। अदालत ने तमिलनाडु सरकार (TVK) की रोक हटाने की याचिका खारिज कर दी।
ये पांच सीटें हैं- तिरुची ईस्ट, विरालीमलाई, पेरुंदुरई, अंबासमुद्रम और करूर। मुख्यमंत्री विजय ने दो सीटें जीती थीं- तिरुची ईस्ट और पेरम्बुर। उन्होंने पेरम्बुर सीट रखी और तिरुची ईस्ट खाली कर दी, जिसके कारण उपचुनाव की जरूरत पड़ी।
अदालत ने कहा कि इन सीटों पर जीत को चुनौती देने वाली चुनाव याचिकाएं अभी लंबित हैं। इसलिए फिलहाल उपचुनाव की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जा सकती।
इसके अलावा, DMK अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने सोमवार को मद्रास हाईकोर्ट में एक चुनाव याचिका दायर की। उन्होंने कोलाथुर सीट से TVK उम्मीदवार वीएस बाबू की जीत को चुनौती दी है। स्टालिन ने 2026 विधानसभा चुनाव में यह सीट हारी थी। याचिका में वोटिंग मशीनों और VVPAT में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए वोटों की दोबारा गिनती और बाबू की जीत को रद्द करने की मांग की गई है।