देश के रियल एस्टेट क्षेत्र ने चालू वित्त वर्ष के पहले छह महीनों में मजबूत बिक्री दर्ज की है। अप्रैल से सितंबर के दौरान 28 सूचीबद्ध रियल एस्टेट कंपनियों ने कुल ₹92,500 करोड़ की प्रॉपर्टी बेची है। रेगुलेटरी फाइलिंग्स के अनुसार, इन कंपनियों की संयुक्त प्री-सेल्स ₹92,437 करोड़ तक पहुंची है, जिसमें बेंगलुरु स्थित प्रेस्टिज एस्टेट्स ने सबसे अधिक ₹18,143.7 करोड़ की बिक्री बुकिंग दर्ज की है। देश की प्रमुख डेवलपर कंपनियों में शामिल DLF लिमिटेड ने इस अवधि में ₹15,757 करोड़ की प्री-सेल्स की है, जबकि मुंबई की गोदरेज प्रॉपर्टीज़ ने ₹15,587 करोड़ का बुकिंग मूल्य दर्शाया है। लोधा डेवलपर्स ने ₹9,020 करोड़ और सिग्नेचर ग्लोबल ने ₹4,650 करोड़ की प्री-सेल्स दर्ज की है। गौरतलब है कि केवल पांच बड़े डेवलपर्स मिलकर कुल ₹63,000 करोड़ की प्रॉपर्टी बेचकर कुल बिक्री में लगभग 70% हिस्सेदारी रखते हैं।
अन्य सूचीबद्ध कंपनियों जैसे शोभा लिमिटेड (₹3,981 करोड़), ब्रिगेड एंटरप्राइजेज (₹3,152 करोड़), ओबेरॉय रियल्टी (₹2,938 करोड़) और कल्पतरु लिमिटेड (₹2,577 करोड़) ने भी मजबूत बिक्री दर्ज की है। पूर्वांकड़ा, कीस्टोन रियल्टर्स, सनटेक रियल्टी, आदित्य बिड़ला रियल एस्टेट, कोल्टे–पाटिल और महिंद्रा लाइफस्पेस ने भी ₹1,100–2,500 करोड़ की रेंज में बिक्री बुकिंग की है। ₹1,000 करोड़ से कम प्री-सेल्स के समूह में अजमेरा रियल्टी ₹828 करोड़, रेमंड रियल्टी ₹760 करोड़, आशियाना हाउसिंग ₹734 करोड़, एम्बेसी डेवलपमेंट्स ₹607 करोड़ और अहमदाबाद की अरविंद स्मार्टस्पेसेस ₹607 करोड़ शामिल हैं।
मुंबई की अरिहंत सुपरस्टक्चर्स और मैक्स एस्टेट्स ने क्रमशः ₹386 करोड़ और ₹373 करोड़ की बिक्री की है। कुछ मध्यम आकार की कंपनियों जैसे आर्केड डेवलपर्स, श्री लोटस डेवलपर्स, एल्डेको हाउसिंग और सूरज एस्टेट डेवलपर्स ने भी संतोषजनक बुकिंग दर्ज की है। गत वित्त वर्ष 2024–25 में 26 अग्रणी रियल एस्टेट कंपनियों ने कुल ₹1.62 लाख करोड़ की बिक्री की थी, जिसमें गोदरेज प्रॉपर्टीज लगभग ₹30,000 करोड़ की बिक्री के साथ शीर्ष पर रही थी। हालिया आंकड़े दर्शाते हैं कि रियल एस्टेट क्षेत्र में मांग मजबूत बनी हुई है और बड़े डेवलपर्स के प्रोजेक्ट्स में खरीदी की तेजी बरकरार है।