जीएसटी में कटौती लागू होते ही 22 सितंबर, सोमवार (नवरात्रि के पहले दिन) से देश के ऑटो सेक्टर ने ऐतिहासिक बिक्री दर्ज की। मारुति सुजुकी, ह्युंडई मोटर और टाटा मोटर्स ने अपने इतिहास का सबसे अच्छा एकदिवसीय बिक्री प्रदर्शन किया। मारुति सुजुकी ने केवल एक दिन में 30,000 कारों की डिलीवरी की और 80,000 से अधिक पूछताछ प्राप्त की।
कंपनी ने कहा कि पिछले 35 वर्षों में ग्राहकों से ऐसा प्रतिसाद कभी नहीं मिला था। ह्युंडई मोटर इंडिया ने भी नवरात्रि के पहले दिन 11,000 डीलर बिलिंग की, जो पिछले 5 वर्षों का रिकॉर्ड है। टाटा मोटर्स ने भी करीब 10,000 कारों की डिलीवरी के साथ अपने इतिहास का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और 25,000 से अधिक ग्राहक पूछताछ दर्ज की।
जीएसटी ढांचे में हुए बदलाव से छोटी कार सेगमेंट (सब-4 मीटर मॉडल्स) पर टैक्स 28% से घटकर 18% हो गया है और साथ ही कम्पेनसेशन सेस हटा दिया गया है। पहले इस श्रेणी पर 29-31% तक टैक्स लगता था।
मारुति ने बताया कि 18 सितंबर से, जब कंपनी ने जीएसटी कटौती के अलावा अतिरिक्त लाभों की घोषणा की, तब से प्रतिदिन औसतन 15,000 नई बुकिंग मिल रही है, जो सामान्य दिनों की तुलना में 50% ज्यादा है। ह्युंडई और टाटा मोटर्स ने भी बताया कि त्योहारों के मौसम की शुरुआत अब तक की सबसे अच्छी रही है, क्योंकि ग्राहकों का उत्साह बढ़ा है।