एशिया कप के छठे मैच में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया। टीम ने 128 रनों के लक्ष्य को 16वें ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान ने 9 विकेट खोकर 127 रन बनाए।
मैच जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। इससे पहले टॉस के बाद भी कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया।
ग्रुप-ए के इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने पावरप्ले से ही दबाव बनाया और पाकिस्तानी बल्लेबाजों को अंत तक टिकने का मौका नहीं दिया। साहिबजादा फरहान (40 रन) और शाहीन अफरीदी (33 रन) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सका। कुलदीप यादव ने 3 विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट लिए। हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती को एक-एक विकेट मिला।
भारतीय टीम के लिए सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने 31-31 रनों की पारी खेली। वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 47 रन बनाए। सूर्य-तिलक ने तीसरे विकेट के लिए 56 रनों की अहम साझेदारी की। पाकिस्तान के लिए सैम अयूब ने तीनों विकेट लिए।
मैच के बाद, भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस जीत को भारतीय सेना को समर्पित किया। उन्होंने यह भी कहा कि हम पहलगाम के पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। हम अपनी एकजुटता व्यक्त करते हैं और यह जीत हमारे सभी सशस्त्र बलों को समर्पित करते हैं। आशा है कि वे हमें प्रेरित करते रहेंगे।
इस जीत के साथ भारत अंक तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है और टीम के सुपर-4 में पहुँचने की संभावनाएँ भी बढ़ गई हैं। वहीं, अगर पाकिस्तान को अगले दौर में प्रवेश करना है तो उसे यूएई के खिलाफ अपना आखिरी मैच जीतना होगा।
सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस के बाद हाथ नहीं मिलाया । अंतरराष्ट्रीय मैचों में टॉस के बाद दोनों कप्तानों का हाथ मिलाना परंपरा है।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत (IND): सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुबमन गिल, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रित बुमरा और वरुण चक्रवर्ती।
पाकिस्तान (PAK): सलमान आगा (कप्तान), सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), फखर जमान, हसन नवाज, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, अबरार अहमद और सुफयान मुकीम।