अक्टूबर में प्राइवेट इक्विटी (PE) और वेंचर कैपिटल (VC) निवेश मूल्य के हिसाब से बढ़ा है, हालांकि सौदों की संख्या में गिरावट दर्ज हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, अक्टूबर 2023 के 4.90 अरब डॉलर के मुकाबले इस बार अक्टूबर में निवेश 8% बढ़कर 5.30 अरब डॉलर रहा। सौदों की संख्या 112 से घटकर 102 रह गई है।
सेक्टरवार देखें तो वित्तीय सेवाओं में सबसे अधिक 292 करोड़ डॉलर का निवेश हुआ, जबकि ई-कॉमर्स क्षेत्र में 71.50 करोड़ डॉलर का निवेश आकर्षित हुआ। टेक्नोलॉजी सेक्टर में 45.50 करोड़ डॉलर के निवेश दर्ज किए गए। स्टार्टअप्स में निवेश भी उल्लेखनीय रूप से बढ़ा है। पिछले अक्टूबर के 88.40 करोड़ डॉलर की तुलना में इस वर्ष स्टार्टअप्स ने 2 अरब डॉलर के निवेश आकर्षित किए हैं।
एग्ज़िट के मामले में अक्टूबर में कुल 64 करोड़ डॉलर मूल्य की 14 एग्ज़िट्स हुईं, जबकि पिछले वर्ष 1.10 अरब डॉलर की 10 एग्ज़िट्स दर्ज की गई थीं। इनमें ओपन मार्केट से तीन सौदों के माध्यम से 23.40 करोड़ डॉलर का एग्ज़िट शामिल था।