नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन न करने को लेकर सीआरपीएफ ने गंभीर आपत्ति जताई है। सीआरपीएफ के डीजी सिक्योरिटी सुनील जून ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी को पत्र लिखते हुए आरोप लगाया है कि राहुल गांधी बिना पूर्व सूचना के कई बार विदेश दौरे पर गए और सुरक्षा गाइडलाइंस का पालन नहीं किया।
सूत्रों के मुताबिक, पिछले 9 महीनों में राहुल गांधी ने 6 बार सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है। राहुल गांधी को Z+ with ASL कैटेगरी की सुरक्षा प्राप्त है, जिसमें विदेश यात्रा से 15 दिन पहले एजेंसी को सूचित करना अनिवार्य होता है। लेकिन, सीआरपीएफ का कहना है कि राहुल गांधी ने बार-बार इस नियम का उल्लंघन किया।
सीआरपीएफ की रिपोर्ट के मुताबिक राहुल गांधी के ये 6 विदेश दौरे बिना सूचना के हुए:
- 30 दिसंबर 2024 से 9 जनवरी 2025 – इटली का दौरा
- 12 से 17 मार्च 2025 – वियतनाम दौरा
- 17 से 23 अप्रैल 2025 – दुबई दौरा
- 11 से 18 जून 2025 – कतर (दोहा) दौरा
- 25 जून से 6 जुलाई 2025 – लंदन दौरा
- 4 से 8 सितंबर 2025 – मलेशिया दौरा
पत्र में कहा गया है कि इस तरह की अनियमितताएं सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती खड़ी करती हैं। साथ ही राहुल गांधी के रवैये पर सवाल उठाते हुए सीआरपीएफ ने कहा कि उन्हें अपनी सुरक्षा को और गंभीरता से लेना चाहिए।
सीआरपीएफ ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे से अपील की है कि आगे से राहुल गांधी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करें, ताकि उनकी सुरक्षा में कोई कमी न रह जाए।