अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा 1 अक्टूबर से फार्मास्यूटिकल प्रोडक्ट्स पर 100% टैरिफ लगाने की घोषणा के बाद आज भारतीय शेयर बाजार में 450 अंकों से अधिक की गिरावट देखने को मिली। खासतौर पर निफ्टी फार्मा इंडेक्स पर दबाव बढ़ा और इसमें 2% से अधिक की गिरावट आई। लुपिन, सन फार्मा, ग्लेनमार्क और सिप्ला जैसे अधिकांश शेयरों में भारी बिकवाली देखी गई।
बीएसई सेंसेक्स कल के 81,159 के मुकाबले आज सुबह 200 अंक से अधिक गिरकर 80,956 पर खुला और फिलहाल 400 से ज्यादा अंक नीचे है। निफ्टी 50 भी 24,890 की तुलना में 72 अंक गिरकर 24,818.55 पर खुला था और इस समय लगभग 129 अंक नीचे है। कल भी बाजार पर भारी दबाव था, जब निफ्टी 166 अंक और सेंसेक्स 555 अंक गिरकर बंद हुए थे। फार्मा शेयरों में इस टैरिफ का असर पहले से ही दिख रहा था। सिप्ला, डिवीज़ लैब्स और अजंता फार्मा के शेयरों में 5 से 6% तक की गिरावट दर्ज की गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी निवेशकों की धारणा कमजोर रही। अमेरिका में अहम महंगाई के आंकड़ों से पहले डाउ जोन्स लगभग सपाट रहा और केवल 0.08% बढ़ा, जबकि एसएंडपी और नैस्डैक फ्यूचर्स में गिरावट देखने को मिली। एशियाई बाजारों में भी अमेरिका के नए टैरिफ संकेतों के चलते दबाव रहा।