अमेरिका को भारत के निर्यात पर भारी दबाव बना हुआ है। अगस्त 2025 में भारत के निर्यात में लगातार तीसरे महीने गिरावट दर्ज हुई है। इस बार निर्यात 16.30% घटकर 6.70 अरब डॉलर पर आ गया है, जबकि जुलाई में 3.60% और जून में 5.70% की गिरावट हुई थी।
ग्लोबल ट्रेड एंड रिसर्च इनिशिएटिव के अनुसार, अमेरिका द्वारा लगाए गए 50% टैरिफ का सबसे ज़्यादा असर परिधान और जेम्स-ज्वेलरी सेक्टर पर पड़ा है। हालाँकि, फ़ार्मा और स्मार्टफोन सहित लगभग 35% निर्यात को टैरिफ से छूट मिली हुई है। वित्त वर्ष 2024-25 में अमेरिका को भारत का कुल निर्यात 86 अरब डॉलर रहा था।
अमेरिका ने पहले 7 अगस्त को टैरिफ 10% से बढ़ाकर 25% किया और फिर 27 अगस्त को इसे और बढ़ाकर 50% कर दिया। इस ऊँचे टैरिफ के कारण भारतीय निर्यातकों के लिए अमेरिकी बाज़ार में प्रतिस्पर्धा करना कठिन हो गया है। सूत्रों का कहना है कि सितंबर सबसे कठिन महीना साबित होगा क्योंकि इसमें 50% टैरिफ का पूरा असर दिखेगा। अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026 तक भारत के 30-35 अरब डॉलर के निर्यात को नुकसान हो सकता है।