अफगानिस्तान से एक बच्चा फ्लाइट के पहिये में छिपकर भारत पहुंच गया। लैंडिंग के बाद उसका पता चला। यह अपने आप में अनोखा मामला है।
नई दिल्ली: अद्भुत, अविश्वसनीय, अकल्पनीय… विमानन इतिहास में आपने शायद ही ऐसा अनोखा मामला सुना हो। दरअसल, दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर काबुल से दिल्ली आई एक फ्लाइट के लैंडिंग गियर यानी पहिये में छिपकर एक 13 साल का बच्चा भारत पहुंच गया। 21 सितंबर की सुबह करीब 11:10 बजे की इस घटना में केएएम एयरलाइंस (KAM Airlines) की फ्लाइट (RQ-4401) दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुई तो एयरलाइन के सुरक्षा कर्मचारियों ने विमान के पास एक बच्चे को घूमते हुए देखा। पता चला कि वह बिना टिकट विमान के लैंडिंग गियर वाले हिस्से में छिपकर आया था। अफगानिस्तान से आए इस बच्चे को उसी दिन दोपहर को उसे केएएम एयरलाइंस की वापसी फ्लाइट (RQ-4402) से वापस काबुल भेज दिया गया। जानते हैं कि दुनिया में इस तरह के मामलों में जिंदा बच पाने की संभावना कितनी होती है। क्या भारत में भी ऐसे मामले हुए हैं।
बच्चा व्हील वेल तक कैसे पहुंचा, यह हैरानी की बात
द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, बच्चे ने बताया कि काबुल एयरपोर्ट पर वह यात्रियों के पीछे-पीछे गाड़ी चलाते हुए रनवे तक पहुंच गया। उसी वक्त सबकी नजरें बचाकर वह विमान में चढ़ा और उड़ान से ठीक पहले व्हील वेल में जाकर छिप गया। हालांकि, ऐसी जगह में बैठकर सफर करना बेहद जानलेवा है और जान बचनी नामुमकिन है।
30,000 फीट ऊंचाई पर सांस लेना मुश्किल
एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के अनुसार, जब विमान उड़ान भरता है, तो उस वक्त व्हील वेल के पास ऑक्सीजन तेजी से कम हो जाती है और तापमान शून्य से भी बहुत नीचे चला जाता है। विशेषज्ञ बताते हैं कि पहियों के बीच घुसने पर व्यक्ति पहिए की चपेट में आकर भी जान गंवा सकता है। एविएशन एक्सपर्ट कैप्टन मोहन रंगनाथन का कहना है कि टेकऑफ के बाद जब पहिए अंदर खिंचते हैं तो वह जगह पूरी तरह बंद हो जाती है। संभव है कि यात्री अंदर किसी कोने में फंसकर कुछ देर जिंदा रहा हो, लेकिन 30,000 फीट की ऊंचाई पर सांस लेना और जीवित रहना लगभग असंभव है।
जब लंदन में आसमान से गिर पड़ा एक व्यक्ति
बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले 2019 में एक व्यक्ति अचानक आसमान से लंदन के रिहायशी इलाके के एक बगीचे में गिरा। जब वो गिरा तो उसकी मौत हो चुकी थी लेकिन आश्चर्यजनक रूप से उसके शव को कोई खास नुकसान नहीं पहुंचा था। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि ‘वो कठोर बर्फ की तरह’ हो गया था। पुलिस के मुताबिक, माना जा रहा है कि वो शख्स नैरोबी से हीथ्रो एयरपोर्ट आ रहे केन्या एयरवेज के विमान में लैंडिंग वाली जगह पर छिपकर बेटिकट सफर कर रहा था।