भारत के सेवा क्षेत्र का परचेजिंग मैनेजर्स’ इंडेक्स (PMI) अक्टूबर में घटकर 58.90 पर आ गया, जबकि सितंबर में यह 60.90 था। मांग में स्थिरता और जीएसटी में राहत के बावजूद, पीएमआई अभी भी मजबूत स्तर पर बना हुआ है। यह मई 2025 के बाद का सबसे निचला स्तर है, लेकिन 50 के आंकड़े से ऊपर रहने के कारण क्षेत्र में विस्तार जारी है।
S&P Global द्वारा तैयार HSBC इंडिया सर्विसेज पीएमआई सर्वे के अनुसार, जीएसटी में राहत ने सेवा क्षेत्र को समर्थन दिया है, हालांकि बढ़ती प्रतिस्पर्धा और मानसून के असर से विस्तार की गति कुछ धीमी हुई है। 50 से ऊपर का पीएमआई विकास का संकेत देता है। अक्टूबर का स्तर 54.30 की दीर्घकालिक औसत से अधिक है, जो सकारात्मक स्थिति दर्शाता है।
कच्चे माल की लागत 14 महीनों के निचले स्तर पर रही, जिससे सेवा प्रदाताओं को राहत मिली। हालांकि, सेवा और विनिर्माण दोनों का संयुक्त पीएमआई सितंबर के 61 से घटकर अक्टूबर में 60.40 रहा। नए ऑर्डरों में वृद्धि की गति पांच महीनों के न्यूनतम स्तर पर रही।
जीएसटी में सुधार के कारण मूल्य दबावों में राहत मिली, वहीं सेवा लागत में वृद्धि सात महीनों के निचले स्तर पर रही। सेवा प्रदाताओं ने डिलीवरी समय पर पूरा करने के लिए भर्ती में इजाफा किया, हालांकि भर्ती की गति 18 महीनों की न्यूनतम रही। अनिश्चितता के बावजूद, सेवा कंपनियां भविष्य की मांग को लेकर आशावादी बनी हुई हैं।