बिटकॉइन आधारित ETF के लिए नवंबर महीना भारी साबित हो रहा है। अमेरिका में सूचीबद्ध बिटकॉइन ETFs से निवेशकों ने चालू माह में लगभग 3.5 अरब डॉलर वापस निकाल लिए हैं, जो पिछले दो वर्षों में सबसे बड़ा मासिक आउटफ्लो है। फरवरी 2024 में दर्ज 3.6 अरब डॉलर के आउटफ्लो के बाद यह आंकड़ा सबसे ऊंचा है। ब्लैकरॉक इंक. के लोकप्रिय बिटकॉइन फंड IBIT पर सबसे अधिक दबाव देखा जा रहा है। केवल नवंबर में ही इस फंड से 2.2 अरब डॉलर का रिडेम्पशन हुआ है। यदि बिटकॉइन की कीमतों में रिकवरी नहीं होती है, तो IBIT के लिए नवंबर सबसे खराब महीना बन सकता है।
ब्लैकरॉक समूह की कुल परिसंपत्तियों में IBIT की हिस्सेदारी लगभग 60% है। शुक्रवार को बिटकॉइन ETFs में 11.5 अरब डॉलर का रिकॉर्ड ट्रेडिंग वॉल्यूम हुआ जिसमें अकेले IBIT में 8 अरब डॉलर के सौदे हुए और 122 मिलियन डॉलर का आउटफ्लो दर्ज हुआ। बिटकॉइन की कीमतों में भी भारी अस्थिरता देखी जा रही है। शुक्रवार को यह एक समय 80,553 डॉलर तक गिर गया था, जिसके बाद इसमें थोड़ी रिकवरी आई। सोमवार को यह उतार-चढ़ाव के बीच 86,200 डॉलर के आसपास ट्रेड कर रहा था और इंट्रा-डे में यह 85,692 डॉलर तक नीचे आया।
क्रिप्टोकरेंसी सेगमेंट में बिटकॉइन “सेंटिमेंट ड्राइवर” बन गया है, इसलिए इसके उतार-चढ़ाव का व्यापक असर पूरे क्रिप्टो बाजार पर दिखाई देता है। वर्ष 2022 के FTX घोटाले के बाद क्रिप्टो मार्केट में अच्छी रिकवरी देखने को मिली थी, लेकिन वर्तमान महीने में फिर से नकारात्मक सेंटिमेंट हावी हुआ है। बिटकॉइन ETFs से 1 अरब डॉलर का आउटफ्लो कीमत में लगभग 3.4% की गिरावट लाता है, जबकि इतना ही इनफ्लो कीमत को लगभग 3.4% तक बढ़ा सकता है। एक रिसर्च हाउस ने अनुमान व्यक्त किया है कि दिसंबर महीने के अंत तक बिटकॉइन 82,000 डॉलर तक नीचे आ सकता है।