त्योहारों के मौसम में ऑनलाइन खरीदारी में बढ़ोतरी होने से अगस्त महीने में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) प्लेटफॉर्म के जरिए लेनदेन जुलाई की तुलना में 3% बढ़कर 20.01 अरब तक पहुंच गए। जुलाई में यह आंकड़ा 19.47 अरब था। मूल्य की दृष्टि से देखा जाए तो लेनदेन का आंकड़ा 1% घटकर ₹24.85 लाख करोड़ रहा, जबकि जुलाई में यह ₹25.08 लाख करोड़ था। यह जानकारी नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों में दी गई है।
अगस्त में यूपीआई के जरिए लेनदेन का दैनिक औसत 64.50 करोड़ रहा, जो जुलाई में 62.80 करोड़ था। हालांकि मूल्य की दृष्टि से दैनिक औसत लेनदेन थोड़ा घटकर ₹80,117 करोड़ रहा, जबकि जुलाई में यह ₹80,919 करोड़ था। पिछले वर्ष के अगस्त की तुलना में इस बार यूपीआई लेनदेन वॉल्यूम के आधार पर 34% और मूल्य के आधार पर 21% बढ़ा है। त्योहारों के मौसम में उपभोग में बढ़ोतरी का यह स्पष्ट संकेत है।
कोरोना के बाद से देश में ऑनलाइन खरीदारी लगातार बढ़ रही है। इसी वृद्धि के कारण यूपीआई लेनदेन में भी लगातार उछाल देखा जा रहा है। आज डिजिटल पेमेंट्स केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि छोटे नगरों और गांवों तक भी तेजी से फैल गए हैं।